झारखंड प्रशासनिक सेवा के 88 अधिकारियों का तबादला, सरकार ने जारी की अधिसूचना

रांची : झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए झारखंड प्रशासनिक सेवा (JAS) के 88 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन की अधिसूचना जारी कर दी। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी अधिसूचना में कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। सरायकेला-खरसावां जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक अजय कुमार तिर्की को विशेष अनुभाजन पदाधिकारी, रांची बनाया गया है। वहीं कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त सचिव एजाज अनवर को आदित्यपुर नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार धनबाद के अपर समाहर्ता विनोद कुमार को मेडिनीनगर नगर निगम का अपर नगर आयुक्त तथा परिवहन विभाग में संयुक्त परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) प्रदीप कुमार को हजारीबाग नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
अधिसूचना के अनुसार देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त रोहित सिन्हा को पलामू प्रमंडल आयुक्त का सचिव बनाया गया है, जबकि रजनीश कुमार को देवघर नगर निगम का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। कई अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों, नगर निकायों और विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राज्य सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
देखें पूरी लिस्ट























