झारखंड में बड़े प्रशासनिक फेरबदल, दो आईएएस अधिकारियों का तबादला

रांची : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के दो अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी रंजीत कुमार लाल, जो वर्तमान में झारखंड ऊर्जा उत्पादन निगम लिमिटेड, रांची में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे, उन्हें मेदिनीनगर नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं वर्ष 2022 बैच की आईएएस अधिकारी सुलोचना मीना, जो पलामू सदर (मेदिनीनगर) में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में कार्यरत थीं, उन्हें देवघर नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।
राज्यपाल के आदेश से जारी इस अधिसूचना के तहत दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने का निर्देश दिया गया है। सरकार के इस निर्णय को शहरी प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















