डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 73वें बलिदान दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि

रांची: भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 73वें बलिदान दिवस पर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा देकर राष्ट्रीय एकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक संघर्ष किया।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने महान राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को शत-शत नमन करते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया।

















