मानसून से पहले दक्षिण पूर्व रेलवे की बड़ी तैयारी, कोल्हान के स्टेशनों पर मजबूत हुआ ड्रेनेज सिस्टम

जमशेदपुर: मानसून के आगमन से पहले दक्षिण पूर्व रेलवे ने कोल्हान क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। रेलवे स्टेशनों और रेल पटरियों पर बारिश का पानी जमा न हो, इसके लिए विशेष ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोल्हान के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज से जुड़े कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इसके अलावा, आने वाले दिनों में 32 करोड़ रुपये की लागत से बड़े स्तर की ड्रेनेज परियोजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा।
रेलवे का कहना है कि नई व्यवस्था से मानसून के दौरान रेल पटरियों पर पानी जमा होने की समस्या में काफी कमी आएगी। इससे ट्रेनों का परिचालन अधिक सुचारु और सुरक्षित रहेगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्षों में भारी बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होता था। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ता था, जबकि कई ट्रेनें घंटों की देरी से चलती थीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती थी।
रेलवे को उम्मीद है कि ड्रेनेज सिस्टम के सुदृढ़ होने से इस बार मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा और यात्रियों को बेहतर एवं समयबद्ध रेल सेवा मिल सकेगी।

















