चतरा पुलिस को बड़ी सफलता, टीएसपीसी के दो वांछित सदस्य गिरफ्तार

चतरा: चतरा पुलिस ने नक्सल संगठन टीएसपीसी (TSPC) के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनके खिलाफ रंगदारी, आगजनी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देश पर संगठित अपराध और नक्सल मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (टंडवा) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई थी। अभियान के दौरान पिपरवार थाना कांड संख्या 23/25 (दिनांक 5 अगस्त 2025) में फरार चल रहे टीएसपीसी के सदस्य मसी तिग्गा और किरण नगडवार को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मसी तिग्गा (29 वर्ष) टंडवा थाना क्षेत्र के खंधार गांव का निवासी है, जबकि किरण नगडवार (45 वर्ष) वर्तमान में चिरलौंगा (टंडवा) में रह रहा था और उसका स्थायी पता हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोभीया गांव का है।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। मसी तिग्गा के खिलाफ पिपरवार, टंडवा और खलारी थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, यूएपीए, रंगदारी, आगजनी, हत्या के प्रयास सहित करीब 10 मामले दर्ज हैं। वहीं किरण नगडवार के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, यूएपीए और रंगदारी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
चतरा पुलिस ने कहा कि नक्सल गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

















