Retired teachers honored in Ranchi; 11 teachers and 2 staff members felicitated at the 'Pension Darbar'.

रांची में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, पेंशन दरबार में 11 शिक्षक और 2 कर्मी हुए सम्मानित

Share
Link copied
Retired teachers honored in Ranchi; 11 teachers and 2 staff members felicitated at the 'Pension Darbar'.
Retired teachers honored in Ranchi; 11 teachers and 2 staff members felicitated at the ‘Pension Darbar’.

रांची: जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए कॉन्फ्रेंस हॉल में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की। इस दौरान जिले के 11 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 2 कर्मियों को उनके लंबे, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवा योगदान के लिए स्मृति चिह्न, शॉल, प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता और राष्ट्र के भविष्य के शिल्पकार होते हैं। उनके ज्ञान, समर्पण और निष्ठा से नई पीढ़ी का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी पेंशनरी लाभ उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की शिक्षकों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने जीवन के नए चरण की शुरुआत कर सकें।

उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से समाज और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि उनका अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है। साथ ही उन्होंने सभी को स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय और स्थापना उप समाहर्ता ज्योति वंदना कुजूर ने भी संबोधित किया। दोनों अधिकारियों ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज समेत शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई और धन्यवाद दिया।

जिला प्रशासन ने बताया कि यह पहल शिक्षकों और कर्मचारियों के सम्मान, कल्याण तथा समयबद्ध पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।