ई-रिक्शा की बैटरी से छेड़छाड़ पर केंद्र सख्त, BAT-BMS समेत 7 चीनी ऐप्स हटाने का निर्देश

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की बैटरी से कथित छेड़छाड़ के मामलों को गंभीरता से लेते हुए BAT-BMS समेत सात चीनी मोबाइल ऐप्स के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने गूगल एंड्रॉयड और एप्पल iOS को नोटिस जारी कर इन ऐप्स को अपने-अपने ऐप स्टोर से हटाने का निर्देश दिया है।
सरकार की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में दावा किया गया था कि कुछ शरारती तत्व चीनी ऐप BAT-BMS के ‘रिमोट शटडाउन’ फीचर का दुरुपयोग कर ई-रिक्शा को दूर से बंद कर रहे हैं। इस घटना ने सुरक्षा और साइबर जोखिमों को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।
सूत्रों के मुताबिक, जिन ऐप्स को हटाने के निर्देश दिए गए हैं उनमें BAT-BMS, SMART BMS, Epoch-i-ion और LOSSIGY सहित कुल सात चीनी ऐप्स शामिल हैं। इनका इस्तेमाल ई-रिक्शा या अन्य वाहनों की बैटरी को नियंत्रित करने के लिए किया जाता था, लेकिन इनके दुरुपयोग की आशंका सामने आने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है।
इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने बताया था कि ई-रिक्शा से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में कुछ संदिग्ध ऐप्स की पहचान की गई थी। उन्होंने कहा कि इन ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही गूगल और एप्पल जैसे ऐप स्टोर संचालकों को भविष्य में अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि नुकसान पहुंचाने वाले या सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले ऐप्स आम लोगों तक न पहुंच सकें।













