सिमडेगा में मानव तस्करी मामले का एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग को दिल्ली ले जाकर बेचा था

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस को मानव तस्करी के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2023 में कुरडेग थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाकर बेचने के मामले में नामजद आरोपी सुमित बेक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस संबंध में अहातु थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अनुसंधान के दौरान इस मानव तस्करी कांड में तीन तस्करों की संलिप्तता सामने आई थी।

उन्होंने बताया कि पीड़िता को पहले ही राजस्थान के बाड़मेर से सकुशल रेस्क्यू कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया था। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अब नामजद आरोपी सुमित बेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
डीएसपी ने कहा कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















