उत्पाद विभाग में 20 हजार करोड़ के संभावित राजस्व नुकसान पर भाजपा का हमला, सीएम से मांगा जवाब

रांची: झारखंड के उत्पाद विभाग की वर्ष 2021-25 की परफॉर्मेंस ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार ने आरोप लगाया कि ऑडिट रिपोर्ट में उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली में गंभीर खामियां उजागर हुई हैं, जिसके कारण राज्य को करीब 20 हजार करोड़ रुपये तक के संभावित राजस्व नुकसान की आशंका जताई गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अविनेश कुमार ने कहा कि रिपोर्ट में शराब कारोबार की निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा होलोग्राम की छपाई, जीपीएस सिस्टम के संचालन और राजस्व प्रबंधन से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था के बजाय निजी वेंडर से सुरक्षा होलोग्राम छपवाए जाने, शराब ढोने वाले वाहनों में जीपीएस सिस्टम के प्रभावी ढंग से संचालित नहीं होने और ऑडिट टीम को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने जैसे मामलों ने कई सवाल खड़े किए हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इन कमियों के कारण निगरानी व्यवस्था और राजस्व संग्रह प्रणाली प्रभावित हुई है। उन्होंने मांग की कि ऑडिट रिपोर्ट में उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले पर जनता के सामने जवाब देने की मांग की है। पार्टी ने नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की भी मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार जवाबदेही तय नहीं करती है तो भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी।
















