SIR के नाम पर अवैध वसूली का खुलासा, वासेपुर का आधार सेंटर सील, 50 से 100 रुपये लेकर भरे जा रहे थे एन्यूमरेशन फॉर्म

धनबाद: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच धनबाद प्रशासन ने अवैध तरीके से एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को वासेपुर स्थित एक आधार सेवा केंद्र पर छापेमारी कर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। आरोप है कि केंद्र पर लोगों से 50 से 100 रुपये लेकर SIR के एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा रहे थे।
धनबाद के एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि प्रशासन को शिकायत मिली थी कि संबंधित केंद्र पर चुनाव आयोग की प्रक्रिया का लाभ उठाकर लोगों से पैसे वसूले जा रहे हैं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद केंद्र को सील कर दिया गया। वहीं, केंद्र संचालक की तलाश जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसडीएम ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे SIR अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता अपना एन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भर सकता है। यदि किसी को फॉर्म भरने में कठिनाई हो तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर या चुनाव आयोग द्वारा अधिकृत स्वयंसेवकों की सहायता ले। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी साइबर कैफे, आधार सेंटर या बिचौलियों को पैसे देकर फॉर्म न भरवाएं, क्योंकि इससे गलत जानकारी दर्ज होने की आशंका रहती है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में गलत जानकारी दर्ज कराने, फर्जी तरीके से नाम जोड़ने या हटाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (RP Act) और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि जिले में ऐसे अन्य केंद्रों पर भी प्रशासन की नजर है, जहां चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली या अनधिकृत गतिविधियां संचालित होने की आशंका है। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
















