चुटुपालू घाटी में बड़ा हादसा: ब्रेक फेल होने से 30 फीट गहरी खाई में गिरा लकड़ी लदा ट्रक, चालक घायल

रामगढ़ : रामगढ़ जिले की खतरनाक चुटुपालू घाटी में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रांची से हजारीबाग की ओर जा रहा लकड़ी लदा एक ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के बाद ट्रक का चालक केबिन में दबकर फंस गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। चुटुपालू घाटी में लगातार होने वाले सड़क हादसों ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की तकनीकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

















