दनुआ घाटी में 20 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रेलर, चालक को दो घंटे बाद सुरक्षित निकाला गया

हजारीबाग : जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया और लगभग दो घंटे तक बाहर नहीं निकल सका।
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक को तत्काल चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर तेज गति में था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दनुआ घाटी में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

















