SIR पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का फोकस, 27 जुलाई को जंतर-मंतर पर संयुक्त धरने की तैयारी

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग की कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को प्रदेश कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने की। बैठक में विशेष रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं को SIR अभियान पर विशेष फोकस करने तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा बैठक में आगामी 27 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस के अनुसूचित जाति (SC) विभाग और अल्पसंख्यक विभाग की ओर से आयोजित संयुक्त धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा।

















