14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता के विरोध में 14 जुलाई को JPSC कार्यालय का घेराव, छात्र संगठनों ने बनाई रणनीति

रांची: 14वीं जेपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों और विभिन्न छात्र संगठनों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में 14 जुलाई को रांची स्थित झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारी को लेकर सोमवार को अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के बाद अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि संगठन जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और कथित अनियमितताओं के कारण युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में आजसू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और अब संगठन युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में भी उनके साथ खड़ा है।

वहीं, अभ्यर्थियों ने भी परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि 14 जुलाई के विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक छात्रों को शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। अभ्यर्थियों ने विभिन्न राजनीतिक दलों के छात्र संगठनों से भी राजनीतिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने और छात्रों के हित में एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।
















