सावन की तीसरी सोमवारी पर निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, तैयारियों को लेकर समिति की बैठक

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: आगामी सावन माह में आयोजित होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर कांवरिया सेवा संघ सिमडेगा की आवश्यक बैठक मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद के जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष पिंटू सिन्हा ने की।
बैठक में सावन की तीसरी सोमवारी पर आयोजित होने वाली तीन दिवसीय कांवड़ यात्रा को सफल और भव्य बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार बरणवाल ने पिछले वर्ष की कांवड़ यात्रा के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। साथ ही यात्रा के दौरान कांवड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में उपस्थित श्रद्धालुओं और पदाधिकारियों ने यात्रा से जुड़े विभिन्न सुझाव भी दिए, जिन पर विचार करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष पिंटू सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा का आयोजन तीन दिनों तक किया जाएगा। यात्रा की शुरुआत 15 अगस्त को सिमडेगा से होगी, जहां से श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ वेदव्यास के लिए प्रस्थान करेंगे। 16 अगस्त को पैदल यात्रा करते हुए कांवड़िया कसडेगा पहुंचेंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 17 अगस्त को सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर सरना वाले भोले बाबा का जलाभिषेक कर श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करेंगे।

बैठक में यात्रा के सफल संचालन के लिए पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच विभिन्न दायित्वों का वितरण किया गया। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक सनातन श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पिंटू सिन्हा, मुकेश कुमार बरणवाल, विष्णु दयाल शर्मा, संजय अग्रवाल, राजकुमार ठाकुर, मुरारी बामलिया, धनंजय केसरी, तारकेश्वर भारती, राजेंद्र अग्रवाल, रवि चौधरी, विनायक अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
















