असुंता लकड़ा के समर्थन में रांची में विरोध प्रदर्शन, हॉकी झारखंड अध्यक्ष का पुतला दहन

राजधानी रांची में शनिवार को पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान और ओलंपियन असुंता लकड़ा के समर्थन में खिलाड़ियों और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अल्बर्ट एक्का चौक पर हॉकी झारखंड के नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोलानाथ सिंह का पुतला दहन करते हुए उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदर्शनकारियों ने नवगठित हॉकी झारखंड कार्यकारिणी को तत्काल भंग करने की भी मांग उठाई। इस दौरान खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ियों के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और ओलंपियन मनोहर टोपनो ने कहा कि हॉकी झारखंड में खिलाड़ियों को सम्मानजनक माहौल नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खिलाड़ियों के साथ लगातार दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती रही हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शन में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि असुंता लकड़ा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और झारखंड का नाम रोशन किया है। ऐसे में उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा आदिवासी समाज असुंता लकड़ा के साथ खड़ा है और खिलाड़ियों के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्वरूप दिया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के बाद खेल जगत और राजनीतिक हलकों में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
















