जमशेदपुर: दमाकी-मानपुर सड़क की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन

By Niraj tiwari
जमशेदपुर: पोटका प्रखंड के दमाकी से मानपुर जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, शिक्षकों और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से जर्जर पड़ी इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और भी खराब हो गई है, जिससे रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि इस सड़क से आसपास के कई गांवों के लोग, स्कूली बच्चे और शिक्षक प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान का इस्तीफा: क्या जंतर-मंतर का आंदोलन अब खत्म होगा या नया रूप लेगा?
ग्रामीणों और शिक्षकों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को लिखित एवं मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, जबकि सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे अधिक परेशानी होती है। स्कूली बच्चों के लिए भी स्कूल पहुंचना जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है।
















