लोहरदगा शंख-लुकया सड़क जर्जर, गड्ढों के बीच जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग
रेलवे ब्रिज के नीचे जर्जर सड़क से बढ़ा हादसे का खतरा, स्थानीय लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग की
आनंद कुमार सोनी /लोहरदगा
लोहरदगा। शहर मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर बिरसा चौक स्थित शंख नदी से करीब 50 मीटर की दूरी पर शंख-लुकया पथ की हालत इन दिनों बेहद खराब है। रेलवे ब्रिज के नीचे सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जर्जर सड़क की स्थिति को देखते हुए इसे ‘मौत का कुआं’ तक कहना शुरू कर दिया है।
यह सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। खासकर हिंडाल्को के हेसल साइडिंग से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही भी इसी रास्ते से होती है। इसके अलावा टोरी और लातेहार होते हुए सासाराम, डोभी, गया और पटना की ओर जाने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है।

स्कूल और अस्पताल जाने का भी प्रमुख रास्ता
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुजरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और हेसल स्थित अस्पताल तक पहुंचने के लिए भी इस सड़क का इस्तेमाल किया जाता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और खराब सतह के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ बड़े वाहनों को भी परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद इसकी मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

आंदोलन की चेतावनी
सामाजिक विचार मंच के संयोजक मनोज गुप्ता उर्फ मन्ना ने सड़क की बदहाली पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग रोजाना बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के आवागमन का माध्यम है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए।
Also Read : पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग की, पांच दिन का अल्टीमेटम


















