जमशेदपुर को मिली अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधा, डॉ. डी.के. मिश्रा नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर का उद्घाटन

By Niraj Tiwari
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर: शहर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई और महत्वपूर्ण सौगात जुड़ गई है। सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल की दूसरी मंजिल पर स्थापित डॉ. डी.के. मिश्रा नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर के अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का रविवार को उद्घाटन रंजना मिश्रा के द्वारा किया गया। इस अवसर पर शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. डी.के. मिश्रा ने बताया कि 20 बेड वाले इस आधुनिक अस्पताल में मरीजों को एक ही छत के नीचे यूरोलॉजी एवं नेफ्रोलॉजी से जुड़ी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ओपीडी एवं इंडोर सेवाएं, आधुनिक यूरोलॉजी ऑपरेशन थिएटर और जनरल सर्जरी ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में पथरी रोग, एंडो-यूरोलॉजिकल सर्जरी, लेजर सर्जरी तथा यूरोलॉजी से जुड़े कैंसर का आधुनिक तकनीक से उपचार किया जाएगा। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है, ताकि उपचार के दौरान उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण मिल सके।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि उन्होंने वर्ष 1995 में तत्कालीन दक्षिण बिहार (वर्तमान झारखंड) में यूरोलॉजी विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। करीब 35 वर्षों के अनुभव के दौरान उन्होंने हजारों मरीजों का सफल उपचार किया है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो।
चांडिल NH-33 गोलचक्कर पर खड़े टैंकर में भीषण आग, यातायात बाधित; शॉर्ट सर्किट की आशंका
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि साकची स्थित माता शीतला मंदिर के समीप तनिष्क शोरूम के नीचे संचालित उनकी ओपीडी पूर्व की भांति नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि पुराने मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समारोह में डॉ. बलराम झा, डॉ. एस.पी. सिन्हा, डॉ. हरप्रीत सिंह, दशरथ काउंटिया, अनिल अग्रवाल, रविन्द्र कुमार झा (नट्टू झा) सहित शहर के अनेक चिकित्सक, गणमान्य नागरिक एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया और इसे जमशेदपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह के अंत में उपस्थित अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल आने वाले समय में न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे कोल्हान क्षेत्र के मरीजों के लिए आधुनिक यूरोलॉजी एवं नेफ्रोलॉजी उपचार का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
















