ट्रेजरी घोटाले पर भाजपा का हेमंत सरकार पर हमला, प्रतुल शाहदेव ने की सीबीआई जांच की मांग

रांची: झारखंड के कथित ट्रेजरी घोटाले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सरकार पर बड़े अधिकारियों को बचाने, जांच को प्रभावित करने और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होने का आरोप लगाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रतुल शाहदेव ने कहा कि ट्रेजरी घोटाले में अब तक केवल निचले स्तर के कर्मचारियों और सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि डीएसपी, एसपी और ट्रेजरी अधिकारियों की भूमिका की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपने अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य के वित्त मंत्री स्वयं यह स्वीकार कर चुके हैं कि करीब 10 हजार करोड़ रुपये का हिसाब नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। भाजपा का आरोप है कि एसआईटी की जांच रिपोर्ट पूरी होने से पहले ही संबंधित अधिकारियों को क्लीन चिट देने की कोशिश की जा रही है और सीआईडी जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि इस मामले के तार कई राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष और व्यापक जांच होती है, तो यह मामला चारा घोटाले से भी बड़ा साबित हो सकता है।
भाजपा ने सरकार पर जांच को प्रभावित करने और दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।

















