PVTG पहाड़िया समुदाय के विकास पर राष्ट्रीय मंथन शुरू, 4 राज्यों के 150 प्रतिनिधि जुटे

रांची: चाणक्य BNR, रांची में सोमवार से PVTG (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) पहाड़िया समुदाय के समग्र विकास को लेकर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। सर्व सेवा समिति (4S इंडिया), टाटा ट्रस्ट, गैमन कॉमन ग्राउंड और FES के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के 150 प्रतिनिधि शामिल हुए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम की शुरुआत पाकुड़ जिले से आईं पहाड़िया महिलाओं के पारंपरिक गीत और नृत्य से हुई। ढोल-नगाड़ों की थाप पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सम्मेलन को विशेष पहचान दी और पहाड़िया समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए 4S इंडिया के निदेशक वीर सहाना और निदेशक मिहिर सहाना ने कहा कि पहाड़िया समुदाय के लिए वर्षों से कई सरकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव अभी भी नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि समुदाय की भागीदारी और नेतृत्व के बिना सतत विकास संभव नहीं है।
उन्होंने कहा, “जब तक समुदाय स्वयं अपनी योजनाओं और विकास प्रक्रिया का नेतृत्व नहीं करेगा, तब तक वास्तविक परिवर्तन संभव नहीं है। इस सम्मेलन का उद्देश्य पहाड़िया समुदाय को नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।”
दो दिवसीय सम्मेलन में जमीन, जंगल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन और आजीविका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही अगले पांच वर्षों के लिए समुदाय आधारित विकास रोडमैप तैयार करने की दिशा में विचार-विमर्श होगा।
सम्मेलन के दौरान चार प्रमुख विषयों पर विशेष फोकस रखा गया है, जिनमें PVTG अधिकारों का सशक्तिकरण, युवाओं एवं महिलाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास, सतत आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना तथा शिक्षा और पोषण के माध्यम से समुदाय के भविष्य की योजना तैयार करना शामिल है।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन से प्राप्त सुझावों और सिफारिशों को दस्तावेज के रूप में सरकार और संबंधित विभागों को सौंपा जाएगा, ताकि पहाड़िया समुदाय के विकास के लिए नीतिगत स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
पहाड़िया समुदाय के प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहली बार उन्हें अपने मुद्दों और चुनौतियों को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर रखने का अवसर मिला है। सम्मेलन में टाटा ट्रस्ट, FES और गैमन कॉमन ग्राउंड के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।














