आदित्यपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी; भारी नकदी बरामद

सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दूसरे दिन राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क को निशाने पर रखते हुए कई संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई। इस दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद होने की सूचना है। फिलहाल बरामद राशि की गिनती जारी है। पुलिस का मानना है कि यह रकम नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
ड्रग्स कारोबारी ‘लालटू’ की तलाश तेज
सूत्रों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स कारोबार से जुड़े कथित आरोपी ‘लालटू’ तक पहुंचना है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से पूरे ड्रग्स सिंडिकेट के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
एक युवक हिरासत में, पूछताछ जारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर ड्रग्स सप्लाई चेन, फाइनेंसरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। कई अन्य संदिग्ध भी पुलिस की रडार पर बताए जा रहे हैं।
पूरे इलाके में चला सघन जांच अभियान
छापेमारी के साथ-साथ पुलिस ने पार्कों, चौक-चौराहों, सुनसान स्थानों और शराब दुकानों के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया। बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाई गई और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त दिखाई दी।
एसपी बोले- ड्रग्स माफियाओं पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि बरामद नकदी और कार्रवाई से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी नोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रेस वार्ता में साझा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस सिर्फ छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जड़ तक कार्रवाई करेगी।
Also Read : JPSC परीक्षा अनियमितता मामला: पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांग्ते से CID की पूछताछ
झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता: 15 लाख के इनामी संतोष समेत 16 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
धनबाद में ED की बड़ी कार्रवाई: कोयला कारोबारी के एक घर में सीढ़ी लगाकर घुसी टीम
















