रांची में हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का खुलासा, मुजफ्फरपुर से 65 लाख के सोने-हीरे के आभूषण बरामद

रांची पुलिस ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में हुई चर्चित चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर बिहार के मुजफ्फरपुर से करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को अशोक नगर निवासी निशित केसरी एवं अखिलेश पांडेय के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में कांड संख्या-172/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पहले ही घटना में प्रयुक्त जगुआर कार (UP78EM0101), चोरी के कुछ सोने के आभूषण और 17.36 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी समीर खान उर्फ कबीर खान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल, विजय स्टोर गली, वार्ड संख्या-40 में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए।
रांची पुलिस के अनुसार, इस कांड में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों एवं चोरी के सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

















