बंद घर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 29 ग्राम सोना और 450 ग्राम चांदी बरामद

हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओसरिया में बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जाफर अंसारी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर करीब 29 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को सखिया पोस्ट के ओसरिया निवासी जिन्नत प्रवीण के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया था। घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर आरोपी फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़िता के लिखित आवेदन पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 157/26 दर्ज किया गया। 16 सितंबर को बीएनएस की धारा 331(3) और 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में सुराग मिला, जिसकी पहचान जाफर अंसारी के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने जाफर अंसारी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में मो. फिरोज अंसारी उर्फ सोनू के शामिल होने की जानकारी दी। जाफर की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, फरार बताए जा रहे मो. फिरोज अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार जाफर अंसारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना में पूर्व में दो मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 में दर्ज कांड संख्या 159/25 भी शामिल है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

चोरी के मामले के उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक बिंदेश्वर महतो, सहायक अवर निरीक्षक उषा कुमारी, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारियों तथा मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गोलघर स्कूल के पास हथियार के साथ पांच युवक गिरफ्तार, हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने किया खुलासा
जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर स्थित गोलघर स्कूल के पास पुलिस ने हथियार के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार किया…

टाटानगर में 383.78 करोड़ से बनेगा वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन को वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव की आधुनिक सुविधा से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल हुई है।…

















