जमशेदपुर :चोरी कांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवरात बरामद
गोविंद पाठक / जमशेदपुर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर में दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 25 वर्षीय सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल दूसरा आरोपी मो. जाफर पहले ही कदमा थाना कांड संख्या 98/26 में गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर की दोपहर तमरिया रोड स्थित क्वार्टर संख्या एल-2/27 में रहने वाले सुधांशु आदित्य के घर में अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए थे। घटना को लेकर 8 सितंबर को साकची थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व और नगर डीएसपी के पर्यवेक्षण में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
निशानदेही पर जेवरात और चोरी के औजार बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने की अंगूठी, सोने का एक जोड़ा पंजरा (मेहंदी छल्ला), चांदी की पायल और चांदी की अंगूठी समेत अन्य जेवरात बरामद किए हैं।
इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई हथौड़ी और छैनी भी पुलिस ने जब्त की है।
आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सुमित दास उर्फ लंगड़ा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साकची और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में पूर्व में कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की इस वारदात में इनके अलावा गिरोह के और कौन-कौन लोग शामिल थे।

















