धनबाद : जावेद वकील की हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार
गोविंद / धनबाद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: धनबाद कोर्ट में कार्यरत झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद वकील की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने ईस्ट बसुरिया निवासी आसिफ आलम को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आसिफ अपने तीन अन्य साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन में जावेद वकील के घर की तस्वीरें, उनकी तस्वीर और उनके बारे में रेकी से जुटाई गई जानकारी मौजूद थी।

जेल में हुई मुलाकात के बाद बनी हत्या की योजना
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आसिफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। इसी दौरान रामगढ़ जेल में उसकी मुलाकात मुथूट फाइनेंस डकैती कांड में बंद एक अपराधी से हुई थी। आरोप है कि जेल में हुई इसी मुलाकात के बाद जावेद वकील की हत्या की योजना बनाई गई।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि जावेद वकील से कथित तौर पर मोटी रकम लेकर एक अपराधी की मदद करने की अपेक्षा की गई थी। मदद नहीं मिलने के बाद उनकी हत्या की साजिश रची गई।
वारदात से पहले ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस को हत्या की योजना और रेकी की सूचना मिलने के बाद निगरानी बढ़ाई गई। इसी क्रम में बीती रात भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्धों को घेरा। पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि आसिफ आलम को पकड़ लिया गया।
पुलिस अब फरार तीनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन में मिली तस्वीरों और अन्य जानकारी के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
जावेद वकील से भी पुलिस कर रही पूछताछ
मामले में पुलिस जावेद वकील से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पक्ष से उनका क्या विवाद था और हत्या की साजिश के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Also Read : धनबाद : अमावस्या की रात नाबालिग की सिर काटकर हत्या, पूजा सामग्री मिलने से नरबलि का एंगल; पति हिरासत में

















