रांची में सखुआ महोत्सव की तैयारी तेज, इक्कीसो महादेव स्थल से होगी शुरुआत

रांची: रांची नगर निगम कार्यालय में शनिवार को महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में उपमहापौर नीरज कुमार और शहर के सभी 53 वार्डों के पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित ‘सखुआ महोत्सव’ की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद महापौर रोशनी खलखो ने बताया कि नगर निगम इस महोत्सव को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करेगा। इसके लिए सामाजिक संगठनों, वार्ड पार्षदों और समाज के प्रबुद्ध लोगों को जोड़कर बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान केवल सखुआ ही नहीं, बल्कि झारखंड की प्राकृतिक विरासत से जुड़े महुआ, पलाश, कुसुम और डाहू समेत अन्य स्थानीय प्रजातियों के पौधे भी लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य राज्य की जैव विविधता का संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
महापौर ने कहा कि कार्यक्रम पहले 1 अगस्त को प्रस्तावित था, लेकिन तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण इसकी तिथि आगे बढ़ा दी गई। महोत्सव की शुरुआत इक्कीसो महादेव स्थल से होगी, जहां युद्धस्तर पर साफ-सफाई और विकास कार्य चल रहे हैं। नगर निगम इस स्थल को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में भी काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक झाड़ियों से घिरा रहने के कारण 21 महादेव स्थल उपेक्षित था, लेकिन अब इसकी सफाई के बाद इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान फिर से उभरकर सामने आई है। नगर निगम का लक्ष्य इस स्थल को लोगों के बीच नई पहचान दिलाना है।
महापौर ने बताया कि सखुआ महोत्सव की शुरुआत 21 महादेव स्थल से होगी और इसके बाद एक महीने तक शहर के सभी 53 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें वार्ड पार्षदों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठन भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

















