Sadbuddhi Havan' organized in Simdega

पप्पू यादव के साधु वेश पर विहिप का विरोध, सिमडेगा में ‘सद्बुद्धि हवन’ आयोजित

 

सिमडेगा: सांसद पप्पू यादव द्वारा संसद भवन के बाहर साधु वेश धारण किए जाने के विरोध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सिमडेगा की ओर से महावीर चौक स्थित महावीर मंदिर परिसर में ‘सद्बुद्धि हवन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने भाग लिया और संत परंपरा के सम्मान की बात कही।

Deoghar
Advertisement

हवन से पहले श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रामनाम का पाठ किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सद्बुद्धि हवन संपन्न हुआ। इस दौरान विहिप के जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव ने आरोप लगाया कि सांसद पप्पू यादव द्वारा साधु वेश धारण करना संत समाज की गरिमा और सनातन परंपरा का अपमान है। उन्होंने कहा कि साधु-संतों का वेश त्याग, तपस्या और आध्यात्मिक जीवन का प्रतीक है, इसलिए उसका किसी भी प्रकार से प्रदर्शन या राजनीतिक संदेश के लिए उपयोग उचित नहीं है।

Kashmir vastaralay
Advertisment

उन्होंने अपने संबोधन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भी आलोचना करते हुए कहा कि देश का नेतृत्व करने का दावा करने वालों को भारतीय संस्कृति और संत परंपरा का सम्मान करना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद जैन मुनि पद्मराज जी महाराज ने कहा कि साधु का वेश कठोर तप, त्याग और साधना का प्रतीक होता है। उनका कहना था कि यदि कोई व्यक्ति उसका उपयोग स्वांग या दिखावे के रूप में करता है, तो इससे संत समाज की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि ऐसे लोगों को सद्बुद्धि मिले और सभी भारतीय संस्कृति एवं संत परंपरा का सम्मान करें।

RKDF
advertisement

इस अवसर पर विहिप जिला मंत्री कृष्णा शर्मा, सह मंत्री सुबोध महतो, कमल सेनापति, मुरारी प्रसाद, नारायण दास, बजरंग दल संयोजक आनंद जायसवाल, आगम शरण मिश्रा, नगर बजरंग दल संयोजक अंकित केसरी, प्रकाश दास, कल्याण मिश्रा, धर्मवीर वर्मा, भरोसा महतो समेत बड़ी संख्या में विहिप, बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

नरेश शर्मा / सिमडेगा

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।