दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर झामुमो निकालेगी 80 किमी की श्रद्धांजलि रथ यात्रा, आंदोलनकारियों का होगा सम्मान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पद्मभूषण एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि को विशेष रूप से मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि गुरुजी की स्मृति में 80 किलोमीटर लंबी श्रद्धांजलि रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का उद्देश्य शिबू सोरेन के संघर्ष, विचारों और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को आम लोगों, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना है।

जिला समिति के अनुसार श्रद्धांजलि रथ यात्रा डिमना चौक से शुरू होकर चकूलिया चौक तक जाएगी। इस दौरान रथ नारगा, घाटशिला, धालभूमगढ़ और चकूलिया समेत कई प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगा। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर स्थानीय ग्रामीणों, समर्थकों और आम नागरिकों की उपस्थिति में गुरुजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड आंदोलन में शिबू सोरेन के साथ सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ आंदोलनकारियों और उनके पुराने सहयोगियों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है। झामुमो का कहना है कि यह सम्मान उन लोगों के योगदान को याद करने का प्रयास है, जिन्होंने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने बताया कि रथ यात्रा में झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा के माध्यम से गुरुजी के सामाजिक न्याय, आदिवासी-मूलवासी अधिकारों और झारखंड के विकास से जुड़े विचारों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जिला समिति ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। नेताओं ने कहा कि यह श्रद्धांजलि यात्रा केवल एक स्मृति कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि गुरुजी के सपनों के अनुरूप झारखंड के निर्माण के संकल्प को दोहराने का भी अवसर बनेगी।
नीरज तिवारी / जमशेदपुर

















