श्रावणी मेला : पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की व्यवस्था

रांची: श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने पहाड़ी मंदिर क्षेत्र के लिए विशेष रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी। विशेष रूप से 3, 10, 17 और 24 अगस्त (सोमवार) तथा 28 अगस्त (पूर्णिमा) को अतिरिक्त ट्रैफिक प्रबंधन किया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कटहल मोड़, तिलता चौक, रातू और पिस्का मोड़ की ओर से आने वाले वाहन बिरला मैदान पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। वहीं धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली और हरमू क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए बनो मंजिल रोड स्थित मैदान पार्किंग तथा कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए रांची विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान (मोराबादी) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा शनि मंदिर, दुर्गा मंदिर, मीनाक्षी गली, गौशाला कटिंग और बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक डायवर्ट या अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

















