JPSC आंदोलन: सरकार-छात्र वार्ता आज देर शाम संभव , स्टेट गेस्ट हाउस में होगी बैठक
रांची: JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार शाम सरकार और अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के बीच निर्णायक बातचीत होने जा रही है। बैठक शाम 7 बजे स्टेट गेस्ट हाउस, रांची में आयोजित होने की सूचना है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्रों ने वार्ता के लिए अपना 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तय कर सरकार को सूची भेज दी है। बताया जा रहा है कि इस बार प्रतिनिधिमंडल में केवल आंदोलन से जुड़े छात्र ही शामिल किए गए हैं।

पहले जारी सूची में कुछ गैर-छात्र नाम भी शामिल थे, लेकिन अंतिम रूप देते समय उनमें बदलाव किया गया। अब प्रतिनिधिमंडल पूरी तरह अभ्यर्थियों का होगा, जो सरकार के समक्ष भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पारदर्शिता और अन्य लंबित मांगों पर अपना पक्ष रखेगा।

इस वार्ता को आंदोलन की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। छात्रों और सरकार के बीच होने वाली बातचीत के परिणाम पर हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें टिकी हुई हैं।



















