JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में सात आरोपियों की तलाश में CID की कई जिलों में छापेमारी
नवीन कुमार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े CID थाना कांड संख्या 16/2026 की जांच तेज हो गई है। मामले में वांछित सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ जारी वारंट के तामिले के लिए CID की टीम ने राज्य के अलग-अलग जिलों में छापेमारी की है।
CID के अनुसार, जिन वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनमें आदित्य पाण्डेय, पवन कुमार सिंह, रविशंकर कुमार, संतोष कुमार सिंह, सानन्द प्रकाश, लालू कुमार यादव और सौरभ कुमार पाण्डेय शामिल हैं। ये आरोपी क्रमशः रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह से संबंधित बताए गए हैं।

OMR कार्बन कॉपी की जांच शुरू
मामले की जांच के दौरान CID को प्राप्त हुई OMR कार्बन कॉपी को महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर देखा जा रहा है। CID द्वारा गठित टीम ने इन OMR कार्बन कॉपियों के मिलान और स्क्रूटनी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि प्राप्त दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर परीक्षा में कथित अनियमितता किस स्तर पर हुई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।

सात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
CID की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, सातों वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा वारंट की तामिला के लिए विभिन्न जिलों में टीमों को भेजकर छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी एकत्र कर रही है।
CID ने स्पष्ट किया है कि मामले में अनुसंधान लगातार जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल CID की कार्रवाई और OMR कार्बन कॉपियों की स्क्रूटनी से JPSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच को अहम दिशा मिलने की उम्मीद है।

















