भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग, छात्रों के आंदोलन को भाजपा का नैतिक समर्थन: आदित्य साहू

रामगढ़: भाजपा जिला कार्यालय, रामगढ़ में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों एवं सभी मोर्चों के अध्यक्षों की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले 21 दिनों से शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग पिछले सात वर्षों में हुई तमाम भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की है।

आदित्य साहू ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा तत्काल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के सभी शांतिपूर्ण आंदोलनों को नैतिक समर्थन देती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों में JSSC और JPSC की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में भी छात्र भूखे-प्यासे आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों का यह आंदोलन अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पूरे देश में इसकी चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में एनडीए सांसदों ने भी छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई और पैदल मार्च किया।
बैठक को लेकर आदित्य साहू ने कहा कि प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक नियमित प्रक्रिया के तहत आयोजित होती है। इसमें पार्टी के पूर्व कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की अगली बैठक दुमका में आयोजित की जाएगी। इससे पहले जिला कार्यालय परिसर में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे।
















