CM का पुतला दहन मामले में JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच पर तीन FIR

14 नामजद, कई अज्ञात के खिलाफ भी मामला; सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस से उलझने का आरोप
रांची। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की ओर से शुक्रवार को आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के बाद रांची पुलिस ने कार्रवाई की है। कार्यक्रम को लेकर कोतवाली थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इन मामलों में कुल 14 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस ने जिन प्रमुख छात्रों को इस मामले में नामजद किया है, उनमें कुणाल प्रताप, पीयूष, रविंद्र पासवान और चंडी तिवारी शामिल हैं। प्राथमिकी में इन सभी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस के साथ उलझने के आरोप लगाए गए हैं।

कोतवाली थाना में दर्ज प्राथमिकी में अंकिता वर्मा, शाहबाज और ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट को शिकायतकर्ता बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई गतिविधियों को लेकर ये मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस कार्रवाई से छात्रों में नाराजगी
FIR दर्ज होने के बाद JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच से जुड़े छात्रों में नाराजगी है। मंच के सदस्यों का कहना है कि वे परीक्षा व्यवस्था, रोजगार और आयोगों में सुधार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री का विरोध कर रहे थे।
छात्र नेताओं का आरोप है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और पुलिस ने बल प्रयोग कर आंदोलन को दबाने की कोशिश की। उनका कहना है कि FIR और पुलिस कार्रवाई के बावजूद रोजगार तथा JPSC-JSSC में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी है। जांच के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















