BPSC TRE-4 को लेकर पटना में छात्रों का हंगामा, वाटर कैनन और लाठीचार्ज
पीटी-मेंस और निगेटिव मार्किंग हटाने समेत 100% डोमिसाइल की मांग; बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र, कई हिरासत में
पटना। BPSC TRE-4 परीक्षा में पीटी-मेंस व्यवस्था, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने निकले।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए कई जगहों पर बैरिकेडिंग की थी। जेपी गोलंबर के पास प्रदर्शनकारी छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।

पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को हिरासत में लिया है। वहीं, छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि TRE-4 की परीक्षा व्यवस्था में अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पीटी-मेंस पैटर्न, निगेटिव मार्किंग और डोमिसाइल नीति पर सरकार को स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।


















