BJP विधायक देवेंद्र कुंवर समेत 9 लोगों पर FIR: जरमुंडी विधायक के रसोइये का फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
दुमका: हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट स्थित जिला परिषद डाक बंगला परिसर में बने क्वार्टर से जरमुंडी के भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के 26 वर्षीय रसोइये सोनू राउत का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने इसे सीधा हत्या का मामला करार दिया है।
परिजनों का गंभीर आरोप:
देवघर जिले के सारवां प्रखंड के रहने वाले मृतक सोनू राउत के परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर दावा किया है कि सोनू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को पंखे से लटकाया गया है।

सदमे में पिता ने खाया जहर:
इकलौते बेटे की संदिग्ध मौत की खबर सुनते ही देवघर में रह रहे सोनू के पिता अनिल राउत गहरे सदमे में चले गए और उन्होंने विषैला पदार्थ खा लिया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
विधायक और उनके परिवार पर केस:
मृतक के परिजनों की शिकायत पर हंसडीहा थाने में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, उनकी पत्नी, बेटे रवि कुमार, बहू, साले मिथिलेश सिंह, सरहज, सरहज के बेटे, निजी चालक और एक स्टाफ समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

सड़क जाम कर जताया विरोध:
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने देवघर-सारवां मुख्य मार्ग (NH-114A) को जाम कर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की।
जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम:
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फोरेंसिक (FSL) टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।


















