जेएनयू प्रकरण पर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस भवन का किया घेराव, राहुल-प्रियंका से मांगा जवाब

रांची: जेएनयू के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल मैदान स्थित शहीद चौक से जुलूस निकाला और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में जवाबदेही की मांग की।

हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर निकलीं महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन पहुंचकर पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास में पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच नोक-झोंक भी हुई। बाद में महिला कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं और कांग्रेस तथा राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं, जबकि प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ है। ऐसे में महिलाओं के सम्मान से जुड़े गंभीर मामले पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि दूसरों को महिला सम्मान और समानता का पाठ पढ़ाने से पहले कांग्रेस को अपनी पार्टी से जुड़े मामलों पर भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। महिला सम्मान और सुरक्षा केवल राजनीतिक नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व को जेएनयू प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस दोहरा मापदंड अपना रही है। सीमा सिंह ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय से जुड़े सवालों पर भाजपा महिला मोर्चा अपनी आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में जवाब देने की मांग की।

रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं। ऐसे में उन्हें इस प्रकरण पर कांग्रेस का पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि महिला सम्मान पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले नेता जवाबदेही के समय मौन क्यों हैं।

प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह के अलावा पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जायसवाल, रंजिता सिंह, सुप्रिया दुबे, दिव्या साहू, गीता गुप्ता, लवली पाठक, मंजू चौरसिया, बबीता साहू, डोली जायसवाल, सुनीता सोनी, रेनू सिंह, किरण देवी, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, संकेत तिवारी और नीरज चौधरी सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता और दर्जनों पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















