लापरवाही के आरोप में कोलेबिरा थाना प्रभारी हटाए गए, विभागीय जांच का आदेश

सिमडेगा: कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के आरोप में सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने कोलेबिरा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार को पद से हटा दिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस केंद्र, सिमडेगा में पदस्थापित किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है। पुलिस के अनुसार, जुआ, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और एससी-एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों में कानूनी प्रक्रियाओं के अनुपालन में कथित त्रुटियों को लेकर यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, अवैध जुआ और हब्बा-डब्बा के संचालन पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कोलेबिरा थाना क्षेत्र के कोबांकेरा, लचड़ागढ़ में अवैध जुआ की सूचना पर 22 सितंबर 2026 को एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था और कोलेबिरा थाना कांड संख्या 63/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस का आरोप है कि प्राथमिकी में आवश्यक कानूनी धाराएं नहीं जोड़ी गईं। इसके कारण आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से पहले ही जमानत मिल गई।

दूसरा मामला वीएसके फाउंडेशन में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और जान से मारने की धमकी से जुड़ा है। इस संबंध में 10 सितंबर 2026 को कोलेबिरा थाना कांड संख्या 57/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, निर्देश दिए जाने के बावजूद प्राथमिकी में संबंधित बीयूडीएस अधिनियम की सुसंगत धारा शामिल नहीं की गई।

पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, आवेदिका रेखा खाखा के आवेदन से जुड़े मामले में एससी-एसटी अधिनियम के उचित प्रावधानों के तहत कार्रवाई नहीं करने और आवेदन में बदलाव कराए जाने के आरोप भी सामने आए थे। इस मामले में भी आपत्ति जताई गई थी।

इन मामलों को लेकर थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय-सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर इसे कर्तव्य के प्रति उदासीनता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना गया। इसके बाद एसपी ने उन्हें थाना प्रभारी के पद से हटाकर पुलिस केंद्र में पदस्थापित करने और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया।

चाईबासा: तीन आपराधिक घटनाओं के उद्भेदन का पुलिस का दावा, गोपाल कोड़ा गिरफ्तार
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया, नोवामुंडी और तांतनगर में हुई तीन आपराधिक घटनाओं के मामले में पुलिस ने गोपाल कोड़ा (29)…

बिरहोर टोला से मेरिट लिस्ट तक: शिक्षा के सहारे बेटियों ने रचा सफलता का इतिहास
टाटा स्टील फाउंडेशन के प्री-मैट्रिक कोचिंग कार्यक्रम से झारखंड और ओडिशा के 3,291 विद्यार्थियों को मिला लाभ, मुस्कान ने 75% और स्वाति…
















