जमशेदपुर निखार सबलोक हत्याकांड: अखिलेश सिंह के करीबी अशोक सिंह राघव हिरासत में
जमशेदपुर। होटल क्रिस्टल के मालिक और युवा व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस ने अपराधी अखिलेश सिंह के करीबी बताए जा रहे अशोक सिंह उर्फ राघव को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसे कोलकाता से जमशेदपुर लौटने के दौरान बहरागोड़ा में रोका और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस सूत्रों के अनुसार, अशोक सिंह समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अशोक को एमजीएम थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। उसके हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने पर परिजन भी थाना पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अशोक से मिलने की अनुमति नहीं दी।

पुलिस निखार सबलोक और अशोक सिंह के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद की भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस विवाद का हत्या से कोई संबंध हो सकता है। फिलहाल अशोक की भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बता दें कि निखार सबलोक की सोमवार को चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम में उनके शरीर पर 11 गोलियां लगने की बात सामने आई है।


















