MGM अस्पताल की लिफ्ट बीच रास्ते में फंसी, 20-25 मरीज और परिजनों की अटकी सांसें
जमशेदपुर: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) अस्पताल में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल की एक लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई। लिफ्ट में करीब 20 से 25 मरीज और उनके परिजन सवार थे। अचानक लिफ्ट रुकने से अंदर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बताया जा रहा है कि लिफ्ट के बीच में रुक जाने के बाद काफी देर तक मरीज और उनके परिजन उसके अंदर फंसे रहे। इनमें बुजुर्ग और बीमार मरीज भी शामिल थे। बंद लिफ्ट में घुटन और घबराहट के कारण कई लोगों को परेशानी होने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद लिफ्ट को खोलने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

बार-बार सामने आ रही लिफ्ट में खराबी
एमजीएम अस्पताल में लिफ्ट के बीच रास्ते में फंसने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी लिफ्ट में तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में शनिवार की घटना ने अस्पताल की लिफ्टों के रखरखाव और नियमित तकनीकी जांच को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधा में बार-बार तकनीकी समस्या सामने आना मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है।

मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से लिफ्टों की नियमित जांच, समय पर सर्विसिंग और खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में लिफ्ट खराब होने की कोई घटना बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


















