संताली भाषा के मुद्दों को लेकर सीएम हेमंत सोरेन से मिला छात्र संगठन का प्रतिनिधिमंडल
रांची: संताली भाषा से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं को लेकर झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री के सामने संताली भाषा से संबंधित अपनी मांगें और अपेक्षाएं रखीं।

प्रतिनिधिमंडल ने संताली भाषा के विकास, इससे जुड़े विद्यार्थियों और अन्य संबंधित विषयों को लेकर अपनी चिंताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल की ओर से विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उठाए गए मुद्दों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि उनकी ओर से रखे गए विषयों पर आवश्यक कार्रवाई और पहल की जाएगी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष विजय कुमार हांसदा, उपाध्यक्ष सबिता बास्के, सचिव हरिश चन्द्र मरांडी, संयुक्त सचिव संगम लता कुमारी और कोषाध्यक्ष बाबूलाल हेम्ब्रम शामिल रहे। इनके अलावा आनंद, गोपाल चन्द्र हांसदा समेत संगठन के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।


















