भरनो में जंगली हाथी ने वृद्ध को कुचला, मौत के बाद गांव में दहशत

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: भरनो प्रखंड के महूगांव टंगरा टोली में बुधवार सुबह जंगली हाथी ने एक वृद्ध ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथी अभी भी आसपास के इलाके में मौजूद हो सकता है। जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय शनि उरांव बुधवार सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। मारासिली पंचायत के मुखिया सुकेश उरांव ने वन विभाग और भरनो थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर भरनो थाना के सब इंस्पेक्टर निर्मल प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। वहीं, बसिया वन विभाग के प्रभारी वनपाल शेखर सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।।भरनो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है।

वन विभाग के प्रभारी वनपाल शेखर सिंह ने मृतक की पत्नी को तत्काल राहत के तौर पर एक लाख रुपये का चेक देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि शेष मुआवजा राशि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को हाथी के नजदीक नहीं जाने और उसे छेड़ने या उकसाने से बचने की सलाह दी गई है। क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्यूआरटी टीम लगातार निगरानी कर रही है।
















