विद्या भारती प्रांतीय खेल समारोह में धनबाद-सिंदरी के एथलीटों का दबदबा, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित विद्या भारती झारखंड के 37वें प्रांतीय खेलकूद समारोह (एथलेटिक्स)-2026 के दूसरे दिन गुरुवार को खिलाड़ियों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाल एथलीटों ने 400, 600 और 3000 मीटर दौड़ के साथ गोला फेंक में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
400 मीटर अंडर-19 वर्ग में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, धनबाद की प्राची राय और अनुकल्प गोपे ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर बसिया के साहिल मुंडा और कतरास की पायल कुमारी दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 वर्ग में भी राजकमल धनबाद के वेद प्रकाश शर्मा और वैष्णवी कुमारी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

600 मीटर अंडर-14 स्पर्धा में सिंदरी की नमिता कुमारी और साहिल अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं 3000 मीटर दौड़ में अंडर-19 बालक वर्ग में झुमरीतिलैया के रोहित कुमार, अंडर-17 बालक वर्ग में सिसई के दिव्यांशु साहू और अंडर-17 बालिका वर्ग में खलारी की सोनम कुमारी विजेता बनीं।
गोला फेंक स्पर्धा में भी बालिका खिलाड़ियों का दबदबा रहा। अंडर-19 वर्ग में भवनाथपुर की प्रियंशी कुमारी ने 9.55 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि लोहरदगा की क्रांति कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं। अंडर-17 वर्ग में चाईबासा की मिथि तियू ने 8.72 मीटर के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के दौरान गुमला के जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार और विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल शर्मा ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को आयोजन समिति की ओर से मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक शमी जी, महावीर राम लोहरा, प्रांतीय खेल मंत्री सुरेश मंडल, स्थानीय अध्यक्ष प्रभात कुमार दास, सचिव राजेश कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
















