चाईबासा : लूट का विरोध पड़ा भारी: बर्तन व्यापारी को पेट में मारी गोली, 50 हजार रुपये लेकर फरार हुआ एक अपराधी
अश्वनी पाठक चाईबासा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में शनिवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट के दौरान बर्तन व्यापारी को गोली मार दी। अपराधी दुकान से करीब 50 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। हालांकि, व्यापारी और उसके साथियों ने साहस दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया और ग्रामीणों के सहयोग से उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यापारी की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी 39 वर्षीय सुरजीत दास के रूप में हुई है। सुरजीत अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ सिमीरता गांव में किराए की दुकान लेकर बर्तन का कारोबार करते हैं।

शटर गिराकर शुरू की लूटपाट
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात दो नकाबपोश अपराधी दुकान में पहुंचे। दोनों ने हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। अपराधियों ने दुकान का शटर गिरा दिया और करीब 50 हजार रुपये नकद अपने कब्जे में ले लिए।
लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने सुरजीत दास के पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बावजूद सुरजीत और उनके साथियों ने हिम्मत नहीं हारी और एक अपराधी को पकड़ लिया। इस दौरान दूसरा अपराधी लूट की रकम लेकर मौके से भागने में सफल रहा।
ग्रामीणों ने आरोपी को बांधा, पुलिस को सौंपा
घटना के बाद दुकान से शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को बांध दिया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की है।
घायल व्यापारी और आरोपी अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने गोली से घायल सुरजीत दास और पकड़े गए आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में शामिल फरार अपराधी कौन है तथा दोनों अपराधियों का आपस में क्या संबंध है।


















