जमशेदपुर : बागबेड़ा में 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद, बोलेरो समेत दो गिरफ्तार
अश्विनी पाठक / जमशेदपुर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक काले रंग की बोलेरो को जब्त करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुईयाडीह ग्वाला बस्ती निवासी 31 वर्षीय विकास विशाल उर्फ छोटू और भुईयाडीह कानू भट्ठा, बल्ले चौक के पास रहने वाले करीब 40 वर्षीय धीरेन तांती उर्फ पिंटू के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर जगन्नाथपुर मोड़ में वाहन जांच
रविवार को डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर मोड़ से काले रंग की बोलेरो में अवैध देशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सूचना के सत्यापन के लिए जगन्नाथपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान करीब 2:15 बजे काले रंग की बोलेरो संख्या JH05ED-0736 वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस बल ने पीछा कर बोलेरो को रोक लिया।

11 बोरों में मिली 330 लीटर शराब
पुलिस के अनुसार, बोलेरो की तलाशी लेने पर उसकी बीच और पीछे की सीटों पर रखे 11 बोरों से कुल 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। वाहन में सवार दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 7,550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
पुलिस के मुताबिक अवैध शराब के इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 274/275 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए)/55 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कार्रवाई में डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो, अरुण कुमार समेत पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


















