हजारीबाग : अवैध संबंध के आरोप में हत्या: दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक चार पुलिस की गिरफ्त में
गोविंद पाठक / हज़ारीबाग़
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हजारीबाग। कटकमसांडी थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के आरोप में जोगेश्वर भुईयां की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद हत्याकांड में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर की रात ग्राम तोरार निवासी जोगेश्वर भुईयां, पिता लखन भुईयां की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी फूलमती देवी के आवेदन पर कटकमसांडी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में सबसे पहले मंगरा कच्छप और रतन कुजूर को गिरफ्तार किया था।

इसके बाद पुलिस ने अनुसंधान को आगे बढ़ाते हुए छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में विकास गंझू और प्रकाश गंझू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक चार आरोपियों—मंगरा कच्छप, रतन कुजूर, विकास गंझू और प्रकाश गंझू—की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

















