रांची : पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान यात्रा, बाबूलाल मरांडी ने दी जानकारी

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान यात्रा का आयोजन किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को रांची में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अभियान की जानकारी दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा किया है। इस तरह उन्होंने जनसेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को विशेष बनाने के उद्देश्य से पार्टी ने एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अभियान में भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है। आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की है और भारत अब आतंकवाद के खिलाफ सख्त रणनीति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उग्रवाद के खिलाफ भी बड़ी सफलता मिली है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है। उन्होंने लोगों से सेवा संकल्प अभियान में भाग लेने की अपील की।
















