सुदूर थानों के पुलिसकर्मियों से सीधे जुड़े एसपी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुआ संवाद

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: पुलिसकर्मियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके कल्याण को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में विशेष पुलिस सभा आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में हुई सभा में जिले के सुदूरवर्ती थानों और ओपी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद किया गया।

सभा की शुरुआत पिछली पुलिस सभाओं में सामने आई समस्याओं के समाधान की समीक्षा से हुई। जिन मामलों का निराकरण किया जा चुका है, उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी पुलिसकर्मियों को दी गई। इसके बाद दूर-दराज के थानों और ओपी में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक से लेकर चतुर्थ वर्गीय कर्मियों तक से उनकी समस्याएं सुनी गईं।

पुलिसकर्मियों ने सेवा संबंधी मामलों, कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं और अन्य समस्याओं को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा। एसपी ने संबंधित शाखाओं को प्राप्त समस्याओं का नियमानुसार त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिले के सभी थानों और ओपी में वॉलीबॉल, फुटबॉल समेत आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि पुलिसकर्मी ड्यूटी के साथ खेल गतिविधियों में भी भाग ले सकें।

सभा के दौरान विभिन्न पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी सेवा-शर्तों, लंबित मांगों और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषय पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखे। एसपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए उनके नियमानुसार त्वरित समाधान का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, विभिन्न पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा जिले के दूर-दराज के थानों और ओपी के प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी प्रत्यक्ष और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
ठेठईटांगर में हाथियों का आतंक, 60 वर्षीय विधवा महिला को कुचलकर मार डाला
शंभू कुमार सिंह सिमडेगा/ठेठईटांगर। ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। मंगलवार की शाम करीब…
रिम्स में एमबीबीएस के नए बैच के लिए ‘आरोहण-2026’ फाउंडेशन कोर्स शुरू
रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में एमबीबीएस के नव-नामांकित विद्यार्थियों के लिए ‘आरोहण-2026’ फाउंडेशन कोर्स का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। ओरिएंटेशन…
















