चान्हो में ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान स्कूल बस पलटी, बाल-बाल बचा चालक

रांची: चान्हो थाना क्षेत्र के लेपसर स्थित आदित्य ईंट भट्ठा के पास बुधवार सुबह बाल विकास स्कूल की बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे के वक्त बस में कोई विद्यार्थी सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, स्कूल बस विद्यार्थियों को लाने के लिए हर्रा गांव जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर आगे चल रहे एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में बस सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा घुसी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई।

हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से पलटी हुई बस को गड्ढे से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
















