सीआईटी कैंपस में सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध मौत, छत से गिरने की आशंका की भी जांच

रांची: टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी) परिसर में शुक्रवार रात सुरक्षा गार्ड धनपति महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक सोनाहातु निवासी शशिभूषण महतो के पुत्र थे। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर टाटीसिलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार धनपति महतो सीआईटी परिसर में सुरक्षा गार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उनके अचानक गिरने की सूचना मिली। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। परिसर में मौजूद छात्रों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद टाटीसिलवे थाना पुलिस ने सीआईटी परिसर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और छात्रों व कर्मचारियों से जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार धनपति ड्यूटी के दौरान अचानक जमीन पर गिरे थे।

वहीं, पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि धनपति महतो सीआईटी की छत पर लगी पानी की टंकी में पानी का स्तर देखने गए थे। इसी दौरान उनके छत से नीचे गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस संभावना की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस सीआईटी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालेगी। इसके अलावा छात्रों, कर्मचारियों और अन्य संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले धनपति महतो कहां थे और उनके साथ किन परिस्थितियों में हादसा हुआ।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के सीआईटी परिसर पहुंचने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही धनपति महतो की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
















